यमुनानगर: मायके में रहकर नशा बेचने का आरोप, 54 ग्राम हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार
यमुनानगर, 13 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने यमुनानगर के गांव ललहाड़ी कलां में कार्रवाई करते हुए एक महिला को 54 ग्राम हेरोइन के साथ गुरुवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला अपने मायके में रहकर नशीले पदार्थ की बिक्री करती थी। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि ललहाड़ी कलां में एक महिला नशीले पदार्थ की बिक्री में सक्रिय है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया शुरू की। तलाशी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ प्रीति तोमर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला की पहचान हैदरपुर निवासी प्रियंका के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह विवाह के बाद अपने मायके ललहाड़ी कलां में रह रही थी और वहीं से नशीले पदार्थ की कथित बिक्री करती थी।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से संबंधित एक मामला दर्ज है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। वर्तमान मामले में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला हेरोइन कहां से हासिल करती थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस का कहना है कि अदालत से रिमांड मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

