पलवल : नकदी व जेवर लेकर महिला फरार
पलवल, 21 जुलाई (हि.स.)। पलवल जिले के उपमंडल हथीन के उटावड़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के नकदी और आभूषण लेकर लापता होने का मामला सामने आया है। पति ने गांव के ही एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 17 जुलाई को उसकी पत्नी घर से चली गई। आरोप है कि वह अपने साथ दो लाख 76 हजार रुपये नकद, करीब 20 ग्राम सोने की हसली तथा एक किलोग्राम चांदी के कड़े भी ले गई। पति का कहना है कि उसने अपने स्तर पर पत्नी और आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित मस्जिद में इमामत का कार्य करता है। उसने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र सात और पांच वर्ष है।
शिकायत में पति ने पत्नी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। उटावड़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम महिला और नामजद आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

