पानीपत: मिल में लिफ्टिंग मशीन के नीचे दबने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: मिल में लिफ्टिंग मशीन के नीचे दबने से महिला की मौत


पानीपत, 12 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव पसीना रोड स्थित एक राइस मिल में काम करने वाली एक 50 वर्षीय महिला कर्मचारी की फॉर्कलिफ्ट (फोर लिफ्टिंग) मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने मशीन ऑपरेटर और कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सेक्टर-29 पुलिस को दी गई शिकायत में गांव पसीना कलां निवासी हरपाल ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसकी 50 वर्षीय पत्नी अंजू पिछले करीब तीन साल से पसीना रोड स्थित नेचर पर्ल्स प्राइवेट लिमिटेड राइस मिल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही थी। 11 जुलाई को अंजू रोजाना की तरह सेलर में काम करने के लिए गई थी। दोपहर बाद हरपाल को सूचित किया गया कि सेलर में काम करते वक्त उसकी पत्नी फॉर्कलिफ्ट मशीन के नीचे आ गई है, जिससे उसे गंभीर चोटें लगी हैं और उसे इलाज के लिए पार्क अस्पताल ले जाया गया है।

सूचना मिलते ही जब पति हरपाल अस्पताल पहुंचा, तो डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता की मौत एक्सीडेंट में आई गंभीर चोट के कारण हुई थी। मृतका के पति का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों की शह पर फॉर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर अशोक निवासी शिमला गुजरान ने मशीन को बेहद लापरवाही और तेज गति से चलाया, जिसके कारण यह एक्सीडेंट हुआ और उसकी पत्नी की जान चली गई।

थाना सेक्टर 29 प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतका के पति को शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिनमें एक ड्राइवर, मशीन ऑपरेटर व मिल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रविवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story