यमुनानगर में विवाहिता की मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में विवाहिता की मौत, पति पर प्रताड़ना के आरोप


यमुनानगर, 26 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर के रामपुरा कॉलोनी क्षेत्र में एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रीति पत्नी राहुल शर्मा के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी। जानकारी के अनुसार, करीब दस दिन पहले ही दंपती ने अपनी शादी की दसवीं वर्षगांठ मनाई थी। मृतका की मां उत्तरप्रदेश निवासी मीना देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि पति अक्सर मारपीट करता था और किसी अन्य महिला से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।

परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले प्रीति ने फोन कर अपनी मां को बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई है और वह बेहद परेशान है। अगले दिन ससुराल पक्ष की ओर से सूचना मिली कि उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। प्रीति को गंभीर अवस्था में अंबाला के मुलाना अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि या तो उसे जबरन जहर दिया गया या लगातार मानसिक उत्पीड़न के चलते उसने यह कदम उठाया। मृतका के भाई ने भी पति पर अवैध संबंधों और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस ने पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story