जींद : पिता ने बेटे की गोली मार की हत्या, छह पर हत्या का केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पिता ने बेटे की गोली मार की हत्या, छह पर हत्या का केस दर्ज


जींद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव तलोड़ा में बुधवार रात काे एक पिता ने प्रोपर्टी विवाद के चलते अपने बेटे की गोलियां मार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गुरूवार को पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव तलोडा निवासी मुरारी लाल का अपने पिता गांव के पूर्व सरपंच मदन के साथ प्रोपर्टी विवाद चला आ रहा है। इसी को लेकर बुधवार रात को मदन ने अपने बेटे पर फायरिंग कर दी। जिसमें गोली लगने से मुरारी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुरारी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम की सहायता से साक्ष्यों को जुटाया।

मृतक की पत्नी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले मुरारी लाल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताडि़त करते थे। उसने आरोप लगाया कि परिवार में लंबे समय से प्रोपर्टी विवाद चल रहा था और उसके पति को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के अनुसार 14 अक्टूबर की रात को मदन अपने बेटे मुरारी लाल को अपने घर बुला कर ले गया। इससे पहले मुरारी ने संभावित खतरे को देखते हुए डायल 112 पर फोन कर दिया था। इसके बाद पुलिस की पीसीआर गाड़ी मौके पर पहुंची।

सदर थाना के जांच अधिकारी एएसआई कमलदीप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पत्नी शिवानी ने अपने ससुर मदन लाल, सास मनजीत कौर, ननद पूजा व वंदना समेत छह लोगों पर हत्या करने के आरोप लगाए। जिस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story