भाजपा जिला नूंह की मासिक बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा जिला नूंह की मासिक बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन


नूंह, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा जिला नूंह की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार काे भाजपा कार्यालय झिर कमल में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला ने पिछले माह के पार्टी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मेहनत और जोश की सराहना करते हुए कहा कि नूंह जिले के कार्यकर्ता पूरी लगन के साथ पार्टी के कार्यक्रमों में भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे प्रदेश स्तर पर जिले की संगठनात्मक पहचान और सम्मान बढ़ा है।

बैठक को संबोधित करते हुए दीपक मंगला ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान के तहत जिले में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें दो हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता आमजन के साथ भागीदारी करेंगे। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में इसी विषय पर भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के सभी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ भाग लें।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने पिछले माह की संगठनात्मक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को जिले के सभी बूथों पर नियमित रूप से सुना जा रहा है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए आगामी दिनों में प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक जिले के प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं के औपचारिक विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता भी जल्द जिले में पहुंचकर पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। बैठक के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश मानुवास एवं हेमराज शर्मा, नत्थू राम गुर्जर, पुनहाना नगरपालिका चेयरमैन बलराज सिंगला, जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, जिला सचिव दिनेश नागपाल, सपना रानी, बीरबल भारद्वाज, डॉ. सुरेश बघैल, पूर्व चेयरमैन जाहिद हुसैन, भानी राम मंगला सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story