हरियाणा में गेहूं के बीज के सरकारी रेट घोषित
चंडीगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने आगामी रबी सीजन (2026-27) के लिए प्रमाणित गेहूं बीज के सरकारी बिक्री रेट घोषित कर दिए हैं। प्रदेश के किसानों को सरकारी केंद्रों से 40 किलोग्राम का गेहूं बीज का बैग 1080 रुपए में मिलेगा। कृषि विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार एमआरपी से सीधी छूट दे रही है।
सरकार के अनुसार, गेहूं का कुल रेट 4,395 प्रति क्विंटल है। इस पर सरकारी सब्सिडी 1,695 प्रति क्विंटल पड़ती है। सब्सिडी के बाद 2,700 प्रति क्विंटल पड़ता है। इस तरह सरकार 40 किलो का बैग 1,080 रुपए में दे रही है।
सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह सब्सिडी 10 साल से कम पुरानी सभी नोटिफाइड किस्मों पर लागू होगी। सी-306 किस्म पर यह सब्सिडी लागू नहीं होगी। विभाग के अनुसार हैफेड, एचएसएससीए, एचएलआरडीसी, कृभको, इफ्को, एनएफल समेत सभी एजेंसियों के बिक्री केंद्रों पर यह बीज उपलब्ध रहेगा। सरकार के आदेशों में यह स्पष्ट है कि यह छूट केवल हरियाणा के स्थानीय किसानों को मिलेगी। प्राइवेट कंपनियों, सरकारी प्रदर्शनियों और एफपीओ को इस दर पर सब्सिडी नहीं दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

