यमुनानगर:तेज हवा और बारिश से खेतों में गिरी गेहूं की फसल, किसानों की बढ़ी चिंता

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:तेज हवा और बारिश से खेतों में गिरी गेहूं की फसल, किसानों की बढ़ी चिंता


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में रविवार देर रात चली तेज हवाओं और हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर गेहूं की फसल खेतों में गिरने की सूचना मिली है। फसल के जमीन पर झुक जाने से किसानों में उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसानों के अनुसार इस समय गेहूं की फसल दाने की अवस्था में है और अधिकांश खेतों में फसल पकने के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में अचानक मौसम बदलने से कई खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के कारण पौधे झुक गए, जिससे किसानों को पैदावार घटने की आशंका सता रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों का कहना है कि यदि फसल लंबे समय तक जमीन पर गिरी रहती है तो कटाई के समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा नमी अधिक रहने पर दानों की गुणवत्ता भी प्रभावित होने की संभावना रहती है। ऐसे में किसान मौसम साफ होने और फसल के फिर से खड़ी होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। किसानों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव का असर फसलों पर दिखाई दे रहा है। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने कई खेतों में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि अधिकांश किसान अभी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

इस संबंध में कृषि विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात आई तेज हवा और बारिश के कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों से फसल के गिरने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इससे उत्पादन पर बड़े स्तर पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मौजूदा मौसम को देखते हुए इस समय गेहूं की फसल में सिंचाई करने से बचें। मौसम पूरी तरह साफ होने तक इंतजार करना उचित रहेगा। साथ ही किसानों को खेतों का नियमित निरीक्षण करते रहने की भी सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story