सोनीपत: वियतनाम में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे पहलवान का हुआ स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: वियतनाम में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे पहलवान का हुआ स्वागत


सोनीपत, 15 जून (हि.स.)। वियतनाम

में आयोजित अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक और मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित

सीनियर विश्व रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय

पहलवान दीपक राठी का सोमवार को गांव पुरखास में सम्मान किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस

नेता तथा युवा कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ हरियाणा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पहलवान पुरखासिया

ने कहा कि पुरखास की माटी की पहचान अब विश्व स्तर पर बन चुकी है।

उन्होंने

कहा कि पुरखास की धरती ने अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को जन्म दिया

है, जिन्होंने खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र और देश का गौरव बढ़ाया

है। दीपक राठी ने भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता

हासिल कर क्षेत्र का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि अब गांव के बेटे ही नहीं, बेटियां

और बहुएं भी विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर

रही हैं। यह ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ती खेल संस्कृति और सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

राजेश

पहलवान ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे

भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकें। दीपक राठी ने सम्मान के लिए ग्रामीणों

का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव और क्षेत्र के लोगों का स्नेह उन्हें आगे भी बेहतर

प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों

और गुरुजनों के सहयोग को दिया। समारोह में दीपक राठी के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका

निभाने वाले कोच कुलदीप, कश्मीर, सुरेश और राजू के योगदान की भी सराहना की गई। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि सुनील जांगड़ा, पूर्व

सरपंच उमेद, पूर्व सरपंच यशपाल, सुभाष राठी, ब्लॉक समिति सदस्य राजेश, कबड्डी कोच नीर

गुलिया, मांगेराम राठी, जयवीर पहलवान, बहादुर सरपंच, रामेहर राठी सहित बड़ी संख्या

में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story