जींद : राम मंदिर चंदा चोरी मामले की केंद्रीय एजेंसी से हो जांच : दुष्यंत चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
जींद : राम मंदिर चंदा चोरी मामले की केंद्रीय एजेंसी से हो जांच : दुष्यंत चौटाला


जींद, 09 जुलाई (हि.स.)। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच करवाई जानी चाहिए। यह बेहद गंभीर और लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। इस मामले में कई ट्रस्टियों को हटाया जा चुका है, जबकि कई लोगों पर अभी आरोप तय होना बाकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि उनकी अध्यक्षता वाले श्री माता मनसा देवी और श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड की ऑडिट भी किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए।

पिछले कुछ दिनों में कई धार्मिक संस्थानों पर सवाल उठे हैं, इसलिए पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला गुरूवार को उचाना की ब्राह्मण धर्मशाला पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के बीएलए 2 कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर हरियाणा में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने चनौत में पीने के पानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री का रवैया सभी के सामने है। पहले वहां टी भेजी गई और बाद में प्रशासन ने रातोंरात कार्रवाई कर उसे हटवाया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गलत जानकारी दी। राजस्थान के साथ हरियाणा के पानी को लेकर हुए समझौते पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस समझौते की पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए आरटीआई लगाई गई है। पूरा दस्तावेज मिलने के बाद ही विस्तृत टिप्पणी की जाएगी लेकिन उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरियाणा का एक इंच भी पानी राजस्थान नहीं जाने दिया जाएगा और पार्टी इस मुद्दे पर संगठन स्तर पर पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जींद के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे। उन्होंने कहा कि जींद मेडिकल कॉलेज में नियमित ओपीडी शुरू करवाई जाएए उचाना में 25 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित फायर सेफ्टी कॉलेज का भूमि पूजन किया जाए तथा हिसार एयरपोर्ट पर प्रस्तावित आईएमसी परियोजना की आधारशिला रखी जाए। प्रधानमंत्री कई बार हरियाणा आए हैं लेकिन प्रदेश को कोई बड़ी परियोजना नहीं मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story