यमुनानगर:जल संकट पर प्रशासन सख्त, जलापूर्ति का समय बदला गया

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)यमुनानगर जिले में बढ़ती जल खपत और गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। उपायुक्त प्रीति के निर्देश पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के साथ विचार-विमर्श के बाद शहर में जल वितरण का समय पुनर्निर्धारित किया गया है, ताकि जल संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा ने साेमवार काे बताया कि कई क्षेत्रों में पानी के दुरुपयोग की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। विशेष रूप से नलों को खुला छोड़ने और वाहनों की धुलाई जैसे कार्यों में पेयजल का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा था, जिससे जल संरक्षण के प्रयास प्रभावित हो रहे थे और भू-जल स्तर पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब शहर में पेयजल की आपूर्ति प्रतिदिन प्रात: 5 बजे से 9 बजे तक तथा सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य सभी क्षेत्रों में समान रूप से पानी उपलब्ध कराना और अनावश्यक बर्बादी पर नियंत्रण स्थापित करना है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए केवल प्रशासनिक कदम पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आमजन की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही करें और सार्वजनिक व निजी स्थलों पर नलों को व्यर्थ न बहने दें।

प्रशासन का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण को प्रभावी बनाया जा सकता है। यदि समय रहते जल के प्रति जिम्मेदारी नहीं दिखाई गई, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story