हिसार : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा से मिलकर संयुक्त जल संघर्ष समिति ने रखी मांग
मंत्री ने दिया आश्वासन, मांगों को पूरा करवाने का करेंगे प्रयास
हिसार, 13 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त जल संघर्ष समिति ने हिसार को यमुना सिस्टम
से अतिरिक्त पानी दिलवाने के लिए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा से मुलाकात करके
उन्हें इस संबंध में अवगत कराया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम
यमुना नहर में पानी उनकी चैनलों की आपूर्ति से बहुत ज्यादा है। सिरसा ब्रांच व हांसी
ब्रांच से अतिरिक्त पानी लेकर हिसार और भिवानी जिलों के टेल एरिया को अतिरिक्त पानी
दिलवाया जाए।
समिति ने साेमवार काे मुलाकात के दाैरान कहा कि बालसमंद ब्रांच और बरवाला ब्रांच में 100 क्यूसिक पानी चोरी
हो रहा है। उसके लिए स्पेशल पैटोलिंग लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ
संयुक्त जल संघर्ष समिति और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाई जाए और भाखड़ा
बरवाला ब्रांच को जगह-जगह अवैध पैंचर करके जो पानी टेल एरिया का था उसे काटा जा रहा
है। इसलिए अवैध पेंचर रोका जाए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 गांव को
पम्प हाउस से पानी देने के लिए प्रोजेक्ट चालू है जिस पर विभाग के करीब 26 करोड़ रूपये
खर्च हो चुके हैं, उसके बावजूद 6 गांव किरतान, बालसमंद, बुड़ाक, सरसाना, बासड़ा व गोरछी
आदि किसी भी गांव में पानी की पूर्ति नहीं हो रही है। इसलिए इन मांगों पर ध्यान दिया
जाए।
समिति पदाधिकारियों की मांग पर मंत्री ने आवश्वस्त किया कि हिसार को यमुना
सिस्टम से अतिरिक्त पानी दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात कर इसका प्रयास करें।
कैबिनेट मंत्री से मिलने वालों में प्रधान विजेन्द्र बैनीवाल, उपप्रधान सतबीर झाझड़िया,
वरिष्ठ उपप्रधान सुरेन्द्र आर्य, दिलबाग हुडडा, अनिल भादू, दलबीर बैनीवाल, महाबीर कड़वासरा,
आजाद हिन्द युवा क्लब किरतान के प्रधान कपूर सिंह आर्य, रामबीर ढांडा, जय सिंह भेरिया,
भूप सिंह गोरछी, हवा सिंह झाझड़िया, यशपाल कालीरामणा, बलवन्त नम्बरदार कंवारी, गुलाब
सिंह झाझड़िया, रण सिंह कस्वां, बबरा नम्बरदार गोरछी व अन्य शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

