जींद के गांव आसन में काटे पानी के 60 अवैध कनैक्शन, लोगों में हडकंप

WhatsApp Channel Join Now
जींद के गांव आसन में काटे पानी के 60 अवैध कनैक्शन, लोगों में हडकंप


जींद, 03 जून (हि.स.)। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिला जींद के ग्रामीण क्षेत्र में जोर जल संरक्षण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत तीन दिन में 1870 घरों का सर्वे करके 210 लोगों को नोटिस दिए गए हैं और 94 अवैध व अस्वच्छ कनैक्शन काटे गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीणें में हडकंप मच गया है। दूसरी तरफ जुलाना शहर में भी पेयजल संरक्षण को लेकर विभाग की टीम घर-घर पहुंच रही है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बुधवार को बताया कि गांव आसन में खंड समन्वयक दिनेश कुमार की अगुवाई में एक जून से शुरू किए गए अभियान के तहत 350 घरों का सर्वे करके 55 लोगों को नोटिस दिए गए हैं। जबकि 60 अवैध व अस्वच्छ कनैक्शन काट दिए गए हैं। इसी प्रकार जुलाना के गांव किनाना में सोमलता सैनी की अगुवाई में, पिल्लूखेड़ा में सुरेंद्र दुग्गल की, गांव गांगोली व कालवा, सफीदों में बलवान सिंह की अगुवाई में जल संरक्षण अभियान के तहत घरों का सर्वे करके अवैध व अस्वच्छ व बिना टेप वाले कनैक्शन धारको को नोटिस दिए गए और कनैक्शन काटे गए।

रणधीर मताना ने बताया कि पेयजल आपूर्ति के प्रबंधन व रखरखाव पॉलिसी को लेकर किनाना गांव में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस नई पालिसी के बारे में कमेटी सदस्यों को जागरूक किया गया ताकि वे पेयजल आपूर्ति के कार्य में अपनी सहभागिता बढाएं। सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार आर्य ने कहा कि इस बारे में जल्द ही ग्राम सभा आयोजित कर ठोस निर्णय लिया जाएगा।

जुलाना उपमंडल अभियंता सतीश नैन ने कहा की उपमंडल के अधीन सभी गांव में जल सरंक्षण अभियान शुरू किया गया है और टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्रामीणों को जल संरक्षण के बारे में जागरूक करें। दूसरी तरफ जुलाना शहर में भी जल सरंक्षण अभियान के तहत टीम घर.घर दस्तख दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story