विश्व जल दिवस: यमुनानगर में जागरूकता रैली, जल संरक्षण का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
विश्व जल दिवस: यमुनानगर में जागरूकता रैली, जल संरक्षण का संकल्प


यमुनानगर, 22 मार्च (हि.स.)। विश्व जल दिवस के अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं वासो के संयुक्त तत्वावधान में जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को जल के महत्व, उसके संरक्षण और संतुलित उपयोग के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला सलाहकार रजनी गोयल ने उपस्थित पंप ऑपरेटरों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल मानव जीवन की मूल आवश्यकता है और इसका संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने बताया कि विश्व जल दिवस 2026 की थीम “जहां जल बहता है, वहां समानता पनपती है” जल संसाधनों के न्यायसंगत वितरण और सामाजिक संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि जल संकट केवल किसी एक क्षेत्र की समस्या नहीं है, बल्कि यह वैश्विक चुनौती बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह जल के दुरुपयोग को रोके और इसके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए। इस अवसर पर विभागीय कार्यालय से दशहरा ग्राउंड तक एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने नारों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। राहगीरों को भी जल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें दैनिक जीवन में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से जल बचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। इस मौके पर विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पंप ऑपरेटरों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story