नूंह: जेएनयू मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: जेएनयू मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन


नूंह, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर मंगलवार को नूंह में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष गोल्डी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय झिर कमल से मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने पुरानी तहसील के रास्ते होते हुए बड़ी मस्जिद तिराहे पर पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और नारेबाजी कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में जवाबदेही तय करने और उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष गोल्डी शर्मा ने कहा कि 11 छात्राओं से जुड़े कथित उत्पीड़न के आरोप गंभीर हैं और इस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान से जुड़े मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अभिभावक अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा और भविष्य के लिए शिक्षण संस्थानों में भेजते हैं। ऐसे में छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करना जरूरी है। गोल्डी शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आगे भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने भी छात्राओं से जुड़े कथित उत्पीड़न के मामले में जवाबदेही तय कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं से संबंधित ऐसे गंभीर आरोपों पर संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में भाजपा कार्यकर्ता दोबारा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story