यमुनानगर:निगम ने वार्ड समितियों को सौंपी स्वच्छता की कमान

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:निगम ने वार्ड समितियों को सौंपी स्वच्छता की कमान


यमुनानगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर नगर निगम की ओर से स्वच्छता जनभागीदारी अधिनियम 2008 के अंतर्गत गठित वार्ड समितियों की बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन मेयर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में वार्ड स्तर पर निगरानी तंत्र को मजबूत करने और स्वच्छता अभियानों को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक का उद्देश्य वार्डों में नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी, लोगों की भागीदारी बढ़ाना और शहर को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा। कार्यशाला में अधिकारियों ने प्रस्तुति के माध्यम से समितियों के गठन, कार्यप्रणाली, दायित्व और नागरिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

बताया गया कि वार्ड समितियां अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक शौचालय, पार्क, स्ट्रीट लाइट और नालों की देखरेख में अहम भूमिका निभा सकती हैं। साथ ही स्थानीय समस्याओं को समय पर निगम तक पहुंचाकर उनके समाधान में भी सहयोग कर सकती हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए कचरा पृथक्करण, गीले व सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण, जीरो वेस्ट पहल और जनजागरूकता अभियानों को प्राथमिकता देने की अपील की गई। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक बताया गया। कार्यक्रम में वार्ड-07 स्थित जीरो वेस्ट सेंटर में संचालित एमआरएफ और कम्पोस्ट प्लांट का उल्लेख करते हुए बताया गया कि यहां जैविक कचरे से “मृदु शक्ति” नामक खाद तैयार की जा रही है। इस अवसर पर पार्षदों और समिति सदस्यों को यह खाद वितरित भी की गई। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story