हरियाणा में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का वेतन 2100 रुपये बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now

अब हर महीने मिलेंगे 18,100 रुपये

चंडीगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मियों के वेतन में 2100 रुपये की बढ़ोतरी की है। इन कर्मचारियों को 16 हजार रुपये की जगह हर महीने 18 हजार 100 रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि कर्मचारियों की सुरक्षा और बीमा कवर को भी मजबूत किया गया है। कर्मचारियों का आंशिक दिव्यांगता बीमा कवर पांच लाख रुपये से दस गुणा बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसी तरह स्थायी कर्मचारियों की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि को 30 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है।

परमानेंट टर्म इंश्योरेंस दोगुना करते हुए दो लाख रुपये से बढ़ाकर चार लाख रुपये किया गया है। कर्मचारियों की मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है। नई एक्स-ग्रेशिया स्कीम शुरू की गई है, जिसके तहत सरकारी कर्मचारी का 52 वर्ष की आयु से पहले निधन होने पर उनके आश्रित को अनुकंपा आधार पर नौकरी का प्रविधान किया गया है। एडहाक, अनुबंध व डीसी रेट पर लगे कर्मचारियों की सेवा के दौरान मृत्यु हो जाने पर उनके परिवार को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाने का प्रविधान किया गया है।

आउटसोर्सिंग नीति के तहत कार्यरत महिला कर्मचारियों को नियमित महिला कर्मचारियों के समकक्ष मातृत्व अवकाश की सुविधा प्रदान की गई है। दिव्यांग महिला कर्मचारियों को चाइल्ड केयर के लिए 1500 रुपये प्रति माह प्रति बच्चा विशेष भत्ता दी जाने की व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story