राेहतक में छठ पूजा पर खूनी संघर्ष, युवक की हत्या, भाई गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

20 से 25 युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद चले चाकू, दोनों भाइयों के पेट में किए वार

रोहतक, 16 नवंबर (हि.स.)। रोहतक में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान भालौठ सब ब्रांच नहर पर बने घाट पर युवकों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान डेयरी मोहल्ला निवासी विक्रम (18) के रूप में हुई है। उसका भाई विक्की (22) पीजीआई में उपचाराधीन है। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, भालौठ सब ब्रांच नहर के तीन नंबर घाट पर छठ पूजा के दौरान करीब 20 से 25 युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। इसी दौरान कुछ युवकों ने चाकू निकाल लिए। हमलावरों ने डेयरी मोहल्ला निवासी विक्रम और उसके भाई विक्की के पेट में चाकू घोंप दिए। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक के दोस्त पवन ने बताया कि विक्रम और विक्की घाट के पास समोसे खा रहे थे। इसी दौरान 20 से 25 युवक वहां पहुंचे और झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने एक युवक को पकड़कर हवा में उछाल दिया। कुछ देर बाद एक अन्य युवक चाकू लेकर पहुंचा। उसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने चाकू फेंक दिया। पवन के अनुसार, तब तक दोनों भाइयों को चाकू लग चुके थे। घायल दोनों भाई एंबुलेंस बुलाने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद दोनों को पीजीआई ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विक्रम ने दम तोड़ दिया। विक्की की हालत गंभीर बताई जा रही है। विक्रम हिसार रोड स्थित एक कंपनी में काम करता था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस हमले के कारणों और इसमें शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story