सिरसा: चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने चौकी के बाहर दिया धरना
सिरसा, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव जमाल क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जाहिर करते हुए जमाल पुलिस चौकी के बाहर धरना दिया। विरोधस्वरुप गांव जमाल में दुकानें भी बंद रखी गई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन और दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
धरने की सूचना मिलते ही जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार तथा नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

