हिसार : कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर चौकी प्रभारी से मिले ग्रामीण
हिसार,
01 अगस्त (हि.स.)। उकलाना खंड के गांव बिठमड़ा के ग्रामीणों ने फरीदपुर निवासी बिंद्र की शीघ्र गिरफ्तारी
की मांग पर संबंधित पुलिस चौकी प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शनिवार काे आरोप
लगाया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए कुलदीप को अब तक न्याय नहीं मिल
पाया है।
ग्रामीणों ने शनिवार काे बताया कि गांव बिठमड़ा निवासी कुलदीप अपने खेत से काम
समाप्त कर मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार
लेकर आ रहे फरीदपुर निवासी बिंद्र ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप
है कि टक्कर के बाद कुलदीप करीब 50 फुट तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे उसके हाथों
और पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घायल कुलदीप को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में
भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह चिकित्सकों की निगरानी
में उपचाराधीन है। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच
कर आरोपी बिंद्र को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल
सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आगे आंदोलन करने
को मजबूर होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

