हिसार:बिजली संकट पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
हिसार:बिजली संकट पर ग्रामीणों ने लगाया जाम


आंधी के दौरान गिर गए थे 500 से अधिक खंभे, अभी नहीं हुई व्यवस्था बहाल

हिसार, 12 जून (हि.स.)। चार दिन पूर्व आए तेज अंधड़ की वजह से बालसमंद क्षेत्र

के गांवों में अभी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। गर्मी के मौसम में बुरा हाल

है। चार दिन से बिजली और पानी के संकट से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को हिसार-भादरा

मुख्य मार्ग पर धीरनवास गांव के पास जाम लगा दिया और नारेबाजी की।

जाम लगा रहे लोगों ने बताया कि चार दिन पहले आई आंधी और बारिश के कारण 500

से अधिक बिजली के खंभे गिर गए थे। इसके परिणामस्वरूप धीरनवास, रावलवास खुर्द, टोकस,

पातन और हिन्दवान सहित आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार बिजली

गुल रहने से ग्रामीणों को पेयजल की गंभीर समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों

ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली निगम समस्या के समाधान के लिए

पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहा है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने हिसार-भादरा रोड पर

धरना देकर यातायात बाधित कर दिया।

रोड जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों

को असुविधा हुई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों

से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने मांग की कि बिजली

व्यवस्था को युद्ध स्तर पर बहाल किया जाए और प्रभावित गांवों में पेयजल की वैकल्पिक

व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं

हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। बिजली निगम के एसडीओ धर्मवीर का कहना है कि क्षेत्र

में बिजली समस्या के समाधान के लिए कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन

दिया कि ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति आज सुचारू कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story