जींद : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन, किया पथ संचलन
जींद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जयंती देवी मंदिर में विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बौद्धिक शिक्षण प्रमुख विभाग से घनश्याम ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि विजयदशमी विजय, शक्ति और साहस का प्रतीक पर्व है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छह प्रमुख उत्सवों में विजयदशमी का विशेष स्थान है।
नवरात्रों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के पश्चात मनाया जाने वाला यह पर्व हमें अन्याय पर विजय, शक्ति के सदुपयोग व धर्म और संस्कृति की रक्षा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन हमारी सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध का प्रतीक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समाज के बीच पांच परिवर्तन के विषय को लेकर जन जागरण किया जा रहा है। इन परिवर्तनों के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधिवत शस्त्र पूजन किया गया।
एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नरवाना के स्वयंसेवकों ने संघ का स्थापना दिवस मनाया। जिसमें नगर प्रचार प्रमुख निखिल ने बताया कि विजयदशमी के दिन नरवाना में दो भागों में एक केशव नगर में, दूसरा माधव नगर में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम रहा। ओम प्रकाश रेवर ने बताया कि संघ अपने कार्यकर्ताओं के द्वारा हर गांव और बस्ती के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

