विधानसभा के प्रश्नकाल में नहीं पहुंचे कांग्रेस विधायक

WhatsApp Channel Join Now

स्पीकर ने 25 मिनट पहले खत्म किया प्रश्नकाल

चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन बुधवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होने के बावजूद कांग्रेस के विधायक सदन में नहीं पहुंचे। स्पीकर ने प्रश्न बाकी होने के बावजूद प्रश्नकाल की कार्यवाही को तय समय से पहले ही समाप्त कर दिया। कांग्रेस की आपत्ति के बावजूद देरी से सदन में पहुंचे विधायकों को प्रश्नकाल में शामिल नहीं किया गया।

हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को सुबह 11 बजे शुरू हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होने के समय विपक्ष के अधिकतर बैंचों पर विधायक नहीं थे। पहला सवाल करनाल के विधायक जगमोहन आनंद का था। उसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदन की कार्यवाही को सुचारू चलाते हुए आगे बढ़ाया तो प्रश्न संख्या 204 के तहत नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़, पिहोवा के विधायक मनदीप चट्ठा, आदमपुर के विधायक चंद्र प्रकाश, रतिया के विधायक जरनैल सिंह का सदन में नाम पुकारा गया लेकिन उक्त में से कोई भी विधायक सदन में नहीं था।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान विधायक अपने-अपने हलकों के सवाल उठाते हैं लेकिन विपक्ष के विधायक इसे लेकर गंभीर नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दिन पहले सभी विधायकों को सत्र का समय बताया गया था। इसके बावजूद सदन में नहीं पहुंचना गैरजिम्मेदारी का परिचय है। इस बीच स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए करीब 11.35 बजे प्रश्नकाल समाप्त होने का ऐलान कर दिया। इस पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस के चीफ व्हीप आफताब अहमद ने कहा कि उक्त विधायकों को मंगलवार को सदन से नेम किया गया था। उन्हें सदन में आज की कार्यवाही में शामिल होने को लेकर गलतफहमी थी। जिस कारण वह सदन में देरी से पहुंचे और प्रश्नकाल का समय होने के चलते उनके प्रश्नों को कार्यवाही में शामिल किया जाए।

स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि कांग्रेस के आठ विधायकों को केवल एक दिन के लिए नेम किया गया था। सत्र के लिए नेम नहीं किया गया था। इस बारे में नियम पार्टी के सभी वरिष्ठ विधायकों को पता है। कांग्रेस द्वारा हंगामा करने के बावजूद स्पीकर हरविंद्र कल्याण नहीं माने और उन्होंने प्रश्नकाल की कार्यवाही को समय से पहले समाप्त करके प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story