हिसार : गुरु जम्भेश्वर विवि के कुलपति ‘भारत जापान-उच्च शिक्षा मिशन’ कार्यक्रम में लेंगे भाग
12 से 17 जनवरी तक टोकियो में हो रहा है आयोजन
हिसार, 12 जनवरी (हि.स.)। भारत और जापान के द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा
करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों की भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से टोकियो
में ‘भारत जापान-उच्च शिक्षा मिशन’ कार्यक्रम 12 जनवरी से शुरु हुआ है। इस कार्यक्रम में भारत
की तरफ से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर
मुख्य रूप से भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम की मेजबानी जापान की तरफ से जापान के शिक्षा,
संस्कृति, खेल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मासाहितो मोरियामा कर रहे हैं। इस आयोजन
में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार (गुजविप्रौवि) के
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई भारत की ओर से शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल में प्रतिनिधित्व
कर रहे हैं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस आयोजन में पहले दिन सतत प्रौद्योगिकी
और पर्यावरण अनुसंधान में क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों की भूमिका पर अपना संबोधन दिया।
उन्होंने विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग तथा शैक्षणिक व शोध उपलब्धियों को
भी इस विश्व स्तरीय मंच पर सांझा किया।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने साेमवार काे गुजविप्रौवि व जापानी विश्वविद्यालयों के
बीच दोहरे डिग्री कार्यक्रम शुरू करने के लिए भी बातचीत की। गुजविप्रौवि की पहचान एक
तकनीकी विश्वविद्यालय की पहचान भी है।
ऐसे में सेमिकंडक्टर डिजाइन व चिप निर्माण क्षेत्र
में भी नए शोध व शिक्षण की संभावनाओं पर विचार किया गया। पर्यावरण के क्षेत्र में भी
गुजविप्रौवि की अंतर्राष्ट्रीय पहचान तथा विशेषज्ञता के बारे में चर्चा की गई। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि जापान की तकनीकी सटीकता और भारत की नवाचार
क्षमता का संगम हमारे विद्यार्थियों के लिए वैश्विक द्वारा खोलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

