जींद : एन्यूमरेशन फार्म वितरण में लापरवाही पर 17 बीएलओ को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
जींद : एन्यूमरेशन फार्म वितरण में लापरवाही पर 17 बीएलओ को नोटिस


जींद, 18 जून (हि.स.)। उचाना विधानसभा क्षेत्र उचाना कलां में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत एन्यूमरेशन फार्म वितरण कार्य में लापरवाही बरतने वाले 17 बीएलओ को निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम उचाना रमित यादव ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। विधानसभा क्षेत्र 37 उचाना कलां में कुल दो लाख 21 हजार 711 मतदाता हैं। जिनमें एक लाख 18 हजार 207 पुरुष और एक लाख तीन हजार 504 महिला मतदाता शामिल हैं। क्षेत्र में 223 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की नियुक्ति की गई है।

गुरूवार को एसडीएम रमित यादव ने बताया कि 15 जून से शुरू हुई एसआईआर प्रक्रिया के तहत सभी बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि कई बीएलओ द्वारा अब तक बहुत कम फार्म वितरित किए गए हैं, जिससे प्रक्रिया की रफ्तार धीमी बनी हुई है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लेंगे, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी प्रावधान है। एन्यूमरेशन फार्म भरने के बाद मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा ताकि मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जा सकें और केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही सूची में दर्ज रहें। बीएलओ को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने तथा मतदाताओं से सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story