यमुनानगर:सड़क किनारे लगी रेहड़ियों का वेंडिंग जोन में स्थानांतरण शुरू, जाम से मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:सड़क किनारे लगी रेहड़ियों का वेंडिंग जोन में स्थानांतरण शुरू, जाम से मिलेगी राहत


यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.) शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों को निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि इस कदम से प्रमुख बाजारों और मार्गों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

उपायुक्त प्रीति ने मंगलवार को बताया कि नगर निगम द्वारा विकसित स्ट्रीट वेंडिंग जोन में रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। मॉडल टाउन क्षेत्र में जब्बी वाला गुरुद्वारा के निकट बनाए गए वेंडिंग जोन में विक्रेताओं को बूथ आवंटित किए गए हैं, जहां कई विक्रेताओं ने अपना कार्य प्रारंभ भी कर दिया है।

उन्होंने कहा कि नए स्थान पर ग्राहकों की आवाजाही भी शुरू हो गई है और लोग आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए वहां पहुंच रहे हैं। उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित वेंडिंग जोन से ही खरीदारी करें, ताकि शहर को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग मिल सके। प्रशासन के अनुसार वेंडिंग जोन में कुल 96 बूथ तैयार किए गए हैं, जिनमें स्ट्रीट वेंडर्स को नियमानुसार स्थान आवंटित किया गया है। यहां पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा बारिश और धूप से बचाव के लिए शेड भी बनाए गए हैं, जिससे विक्रेताओं को कार्य करने में सुविधा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story