जींद : होटल में पार्टी के दौरान विवाद, हवाई फायरिंग के बाद गाड़ी में तोड़फोड़

WhatsApp Channel Join Now
जींद : होटल में पार्टी के दौरान विवाद, हवाई फायरिंग के बाद गाड़ी में तोड़फोड़


शराब पी रहे युवकों ने पहले ऊंचा बोलने पर टोका, कहासुनी के बाद किया हमला; एक नामजद समेत पांच पर केस

जींद, 16 सितंबर (हि.स.)। नई सब्जी मंडी के निकट एक होटल में पार्टी के दौरान युवकों के दो गुटों में विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक युवक ने असलहे से हवाई फायर किया, जबकि दूसरे ने बिंडे से हमला कर दिया। आरोपितों ने गाड़ी के शीशे और इंडीकेटर भी तोड़ दिए। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक युवक को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, शस्त्र अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

ओम नगर निवासी संजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ नई सब्जी मंडी के निकट होटल में पार्टी कर रहा था। वह अपने दोस्त नीटू को घर ले जाने के लिए गाड़ी लेकर होटल पहुंचा था। होटल के पार्क के पास घर जाने को लेकर बातचीत के दौरान वहां शराब पी रहे कुछ युवकों ने उन्हें ऊंचा बोलने से टोका। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

शिकायत के अनुसार, इसी दौरान एक युवक ने अपने पास मौजूद असलहे से हवाई फायर कर दिया और दूसरे युवक ने बिंडे से हमला किया। आरोपितों ने उनकी गाड़ी के शीशे और इंडीकेटर तोड़ दिए। मारपीट के दौरान आरोपित एक-दूसरे को अखिल नाम से पुकार रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story