सिरसा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 13 मई (हि.स.)। पुलिस ने अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह को बेनकाब करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा दस मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पंजाब व हरियाणा में चोरी, गैर इरादतन हत्या व नशा तस्करी सहित कई मामले दर्ज हैं।

डीएसपी ललित कुमार ने बुधवार शाम को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि वाहन चोर गिरोह पंजाब व हरियाणा में सक्रिय था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लवदीप सिंह व शुभदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने डबवाली निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर बाइक चोरी का मामला दर्ज करजांच शुरू की थी। डीएसपी ने बताया कि स्पेशल स्टाफ/एवीटी टीम ने इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। डीएसपी ने बताया कि यह गिरोह न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राज्यों की सीमाओं के पार भी सक्रिय था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा दस मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं जो कि पंजाब व हरियाणा के अलग-अलग शहरों से चोरी किए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लवप्रीत सिंह पर चोरी व नशा तस्करी के तीन अभियोग पंजाब में अलग-अलग थानों में दर्ज हैं तथा थाना सदर मलोट में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज है। दो अभियोग थाना लंबी में मोटरसाइकिल चोरी व एक गैर इरादतन हत्या के तहत दर्ज है। आरोपी गैर इरादतन हत्या के मामले में अब तक फरार चल रहा था। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए ही चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर गहनता से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों व गिरोह के अन्य सदस्यों बारे जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story