हिसार के वरूण ने जीता स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया
गांव पहुंचने पर परिजनों व ग्रामीणों ने किया
जोरदार स्वागत
हिसार, 04 फरवरी (हि.स.)। जिले के गांव मोहब्बतपुर
निवासी युवा पावर लिफ्टर वरुण सागर ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
नोएडा में आयोजित डब्ल्यूपीसी इंडिया इक्विप्ड नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में
वरुण सागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में देशभर से आए नामी पावरलिफ्टर्स
ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच वरुण सागर ने अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवाते
हुए गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। जैसे ही वरुण की इस ऐतिहासिक जीत की सूचना
अग्रोहा पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। वरुण सागर के अग्रोहा आगमन
पर भव्य स्वागत किया गया।
डीजे पर देशभक्ति गीतों की गूंज, फूलमालाओं व
गुलदस्तों के साथ सैकड़ों गाड़ियों के काफिले में वरुण सागर को लांधड़ी टोल से विनायक
सिटी, अग्रोहा तक सम्मानपूर्वक लाया गया। विनायक सिटी पहुंचने पर विजेता वरुण सागर
ने अपने दादा प्रह्लाद राय शर्मा सहित परिवार के सभी वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया।
वरुण सागर के पिता विद्या सागर शर्मा ने बुधवार काे बताया
कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए वरुण ने लंबे समय तक कठोर अभ्यास और अनुशासन का पालन
किया। इस अवसर पर विनायक सिटी परिवार के सदस्यों मनदीप
किरमारा, अजित कालीरावण, मुकेश सिंगला, प्रदीप सिहाग, मास्टर लाल सिंह, राजा सरपंच,
रामफल, राजपाल, भरता जाखड़, ईश्वर शर्मा, प्रदीप शर्मा, सुरेश शर्मा फौजी, अश्विन जाखड़,
सोनू बंसल, मांगेराम बंसल, सतीश शर्मा लांधड़ी, दयानंद शर्मा, मोनू, हैप्पी मूंड, सुरेश
लांधड़ी, कालू भादू सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने वरुण सागर को बधाई देते हुए उसके
उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

