सीजेएम ने वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण, महिला सुविधाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सीजेएम ने वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण, महिला सुविधाओं का लिया जायजा


नूंह, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने सोमवार को नूंह स्थित वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

सीजेएम नेहा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और कल्याण सुनिश्चित करने में वन स्टॉप सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेंटर के माध्यम से हिंसा एवं उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को समय पर सहायता, उचित मार्गदर्शन और परामर्श उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने सेंटर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं पीड़ित महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें कठिन परिस्थितियों से उबारने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

इस अवसर पर अधिवक्ता अशफाक अली ने बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता, पुलिस सहायता, मनो-सामाजिक परामर्श और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य हिंसा एवं उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को तत्काल सहायता प्रदान कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है। इस दौरान पूनम, सिपाही अफसरदा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story