जींद : साइबर पुलिस ने होल्ड करवाए 98 लाख रुपये पीडितों को लौटाए
जींद, 01 मई (हि.स.)। जिला जींद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में साइबर मामालों की कुल 1454 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 37 लाख, 81 हजार 179 रुपये की राशि को होल्ड करवाया गया है। जो पीडि़तों को राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। इसी दौरान 22 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। जिनमें से 12 मामलों को ट्रेस किया गया।
गौरतलब है कि साइबर अपराधियों द्वारा प्रतिदिन साइबर ठगी के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। जिसके कारण आमजन को आर्थिक परेशानी का सामाना करना पडता है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ लोगों की जागरूकता भी अहम भूमिका निभा रही है। साइबर क्राइम थाना जींद पुलिस के प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि होल्ड की गई एक करोड़ 37 लाख, 81 हजार 179 रुपये की राशि में से लगभग 98 लाख 40 हजार 416 रुपये पीडि़तों को सुपरदारी के माध्यम से वापस लौटाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से सतर्क रहें। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसे फर्जी तरीकों से लोगों को डरा कर पैसे ऐंठने की घटनाएं सामने आ रही हैं। आमजन को समझना चाहिए कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से इस प्रकार की कार्रवाई नहीं करती है। डिजिटल अरैस्ट जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा शीघ्र ही ड्यूल ओटीपी सिस्टमश् लागू किया जा रहा है। इस प्रणाली के तहत प्रारंभिक चरण में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के खाता धारकों को इसमें शामिल किया जाएगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत किसी भी वित्तीय लेन-देन के लिए आने वाला ओटीपी मूल खाताधारक के साथ-साथ उनके परिजन जैसे बेटे, बेटी या अन्य विश्वसनीय सदस्य के पास भी भेजा जाएगा। दोनों की पुष्टि के पश्चात ही ट्रांजेक्शन को स्वीकृति दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

