प्री-एग्जाम के बाद यूपीएससी,एचपीएससी व ज्युडिशरी की तैयारी करने पर मिलेगी वित्तीय सहायता : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
प्री-एग्जाम के बाद यूपीएससी,एचपीएससी व ज्युडिशरी की तैयारी करने पर मिलेगी वित्तीय सहायता : नायब सैनी


प्री-एग्जाम के बाद यूपीएससी,एचपीएससी व ज्युडिशरी की तैयारी करने पर मिलेगी वित्तीय सहायता : नायब सैनी


-सरकारी विश्वविद्यालयों में करवाई जाएगी कोचिंग

-संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नव-चयनित युवाओं का सम्मान समारोह आयोजित

चंडीगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि राज्य के यूपीएससी, एचपीएससी और ज्युडिशरी के प्री-एग्जाम उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को आगे की कोचिंग फीस की प्रतिपूर्ति करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को 25 हजार से लेकर 70 हजार रूपये तक वित्तीय मदद की जाएगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा हरियाणा के नव-चयनित युवाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख रुपये है,उनके बच्चों को 70 हजार,1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों के बच्चों को 60 हजार,1.80 लाख रुपये से लेकर 3 लाख रुपये तक आय वाले परिवार के बच्चों को 50 हजार तथा 3 लाख रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक आय वाले परिवार के बच्चों को 25 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में यूपीएससी ,एचपीएससी एग्जाम की कोचिंग दी जाएगी इसके लिए सांयकालीन पारी में कक्षाएं शुरू की जाएगी ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा उक्त परीक्षाओं में सफल हो सकें। सैनी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय प्रशासनिक अधिकारी की सोच, उसकी योजनाएं और निर्णय भारत के भविष्य की दिशा तय करते हैं। इनके निर्णय से लाखों लोगों का जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने संघ लोकसेवा आयोग की भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा परिणाम में तीसरा स्थान हासिल करने वाले एकांश ढुल समेत हरियाणा के सफल 77 होनहार युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा केवल एक नौकरी नहीं है, यह एक जिम्मेदारी है, एक कर्तव्य है, एक सेवा है। यह वह मंच है, जहां आपके निर्णय लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं। अब तक आपकी यात्रा व्यक्तिगत उपलब्धियों की यात्रा थी, लेकिन अब आगे की यात्रा जनसेवा की यात्रा है।

इस अवसर पर संघ लोक सेवा आयोग के परीक्षा परिणाम में देश में तीसरे स्थान पर आने वाले एकांश ढुल,छठे रैंक पर आई जिन्निया अरोड़ा के अलावा नव-चयनित युवा नितीश , शगुन मेहरा , शिखा ने भी अपने लक्ष्य तक पहुंचने की अपनी यात्रा सांझा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story