पलवल में पारिवारिक विवाद का अनोखा मामला: बेटे ने मां पर मोबाइल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया
पलवल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले में पारिवारिक विवाद का एक अलग ही मामला सामने आया है, जहां बारहवीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी ही मां पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू कॉलोनी निवासी हितेश गर्ग ने हथीन गेट चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 मार्च को वह अपनी परीक्षा देने स्कूल गया था। वह अपने दादा कृष्ण चंद की स्कूटर लेकर स्कूल पहुंचा और परीक्षा से पहले अपना मोबाइल स्कूटर की डिग्गी में रख दिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह बाहर आया तो डिग्गी में रखा मोबाइल गायब मिला। इसके बाद उसने विद्यालय में लगे निगरानी कैमरों की जांच की, जिसमें उसकी मां चारू गर्ग स्कूटर की डिग्गी खोलकर मोबाइल निकालते हुए दिखाई दीं।
बताया जा रहा है कि हितेश के पिता डॉ. मनीष गर्ग हथीन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके और उनकी पत्नी चारू के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। हितेश अपने दादा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कृष्ण चंद के साथ रहता है। पुलिस के अनुसार पहले इसे पारिवारिक मामला मानते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति न बनने पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह तंवर ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

