नूंह से निकलेगी भव्य सेवा ज्योति यात्रा, हजारों लोग होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
नूंह से निकलेगी भव्य सेवा ज्योति यात्रा, हजारों लोग होंगे शामिल


नूंह, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 7 अक्तूबर को नूंह में भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी दिन गुरुग्राम में आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, जिला महामंत्री रमेश मानुवास तथा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केशव पंडित सहित भाजपा नेताओं ने जिला उपायुक्त अखिल पिलानी, अतिरिक्त जिला उपायुक्त ज्योति और जिले के अन्य उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में यात्रा और जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

भाजपा नेताओं ने बताया कि 7 अक्तूबर को नूंह में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के बाद पुलिस लाइन नूंह में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संबोधित करेंगे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन तथा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। चौधरी जाकिर हुसैन ने बताया कि 7 अक्तूबर को ही सेवा ज्योति यात्रा के तहत गुरुग्राम में भी समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story