यमुनानगर:रेलवे स्टेशन पर मिले बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर शहर के रेलवे स्टेशन परिसर से अचेत अवस्था में मिले एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति की बुधवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जीआरपी थाना पुलिस पिछले चार दिनों से उसकी पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक बुजुर्ग व्यक्ति कंबल में लिपटा हुआ अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी एसआई बोध राज मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में लगातार चार दिनों तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। अंततः बुधवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं।

इसके अलावा शरीर पर भी कोई ऐसा विशिष्ट चिन्ह नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान स्थापित की जा सके। जांच अधिकारी बोध राज ने बताया कि जीआरपी टीम द्वारा रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी शिनाख्त के प्रयास किए गए, किन्तु कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। प्रथम दृष्टया मृतक की आयु 55 से 60 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृत्यु के बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां उसे 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story