यमुनानगर में हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला व्यक्ति का शव

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 15 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर में पंचकूला-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैल बाईपास के निकट बुधवार सुबह झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की आयु लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। शव पर केवल अंडरवियर था। चेहरा काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान करना संभव नहीं हो सका।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन, कपड़े अथवा अन्य ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके। शरीर पर किसी प्रकार का टैटू या विशेष पहचान चिह्न भी नहीं मिला है। जांच अधिकारियों का अनुमान है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। प्रथम दृष्टया मृतक प्रवासी श्रमिक प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।थाना प्रभारी आनंद प्रकाश ने बताया कि हाईवे पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है।

सुबह कार्यस्थल पर पहुंचे मजदूरों ने झाड़ियों से दुर्गंध आने पर देखा तो वहां शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे पहचान के लिए 72 घंटे तक सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया है। साथ ही आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story