पानीपत: बेरोजगारी से तंग आकर युवक ने लगाया फंदा
पानीपत, 01 जुलाई (हि.स.)। पानीपत की अर्जुन नगर कॉलोनी में बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छह महीनों से काम की तलाश में भटक रहा था, लेकिन काम न मिलने की वजह से वह मानसिक तनाव में आ गया। इसी तनाव के चलते मंगलवार को उसने पत्नी की साड़ी से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पानीपत की अर्जुन नगर कॉलोनी में परिवार सहित रहता था।
पुलिस के अनुसार अर्जुन नगर निवासी सुरेंद्र (मूल निवासी, उत्तर प्रदेश) पिछले करीब छह महीनों से बेरोजगारी का सामना कर रहा था। वह रोजाना सुबह काम और नौकरी की तलाश में घर से निकलता था, लेकिन लगातार कोशिशों के बाद भी उसे कहीं कोई रोजगार नहीं मिल पा रहा था। घर में कमाई का कोई साधन न होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही थी। पांच बच्चों के पालन-पोषण और तंगहाली की चिंता के कारण सुरेंद्र गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात सुरेंद्र का व्यवहार सामान्य था। उसने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बैठकर रात का खाना खाया। इसके बाद भीषण गर्मी के चलते उसकी पत्नी और सभी बच्चे छत पर सोने चले गए, जबकि सुरेंद्र नीचे कमरे में सोने के लिए रुक गया।
सुबह जब परिवार नीचे आया और कमरे का दरवाजा खोला, तो उसके होश उड़ गए। कमरे के भीतर सुरेंद्र का शव फंदे से लटका हुआ था। सुरेंद्र का शव लटका देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस पूछताछ में आत्महत्या की वजह लंबे समय से काम न मिलना और मानसिक अवसाद ही सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

