नूंह जिले के समग्र स्कोर में हुआ सुधार, 63 से बढ़कर 64.3 प्रतिशत पर पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह जिले के समग्र स्कोर में हुआ सुधार, 63 से बढ़कर 64.3 प्रतिशत पर पहुंचा


नूंह जिले के समग्र स्कोर में हुआ सुधार, 63 से बढ़कर 64.3 प्रतिशत पर पहुंचा


नूंह, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन की शिकायतों और विकास कार्यों से जुड़े मामलों के निस्तारण में नूंह जिला प्रशासन के प्रयासों की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह ने सराहना की है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जनसंवाद कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिले में शिकायतों के समाधान और लंबित मामलों की प्रगति का आकलन किया गया। इस दौरान उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और विकास कार्यों से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें। समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, नूंह जिले का जनसंवाद संबंधी समग्र स्कोर 10 सितंबर 2026 को 63 प्रतिशत था, जो 14 अक्टूबर 2026 को बढ़कर 64.3 प्रतिशत हो गया। इस प्रकार जिले के समग्र स्कोर में 1.3 प्रतिशत अंक का सुधार दर्ज किया गया है। इसे जनसंवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा और निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रशासनिक प्रयासों में प्रगति के रूप में देखा जा रहा है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसंवाद के तहत प्राप्त शिकायतों और विकास कार्यों से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही पात्र मामलों में अनावश्यक देरी न हो और शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह ने समीक्षा के दौरान नूंह जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना की। जनसंवाद कार्यक्रम सरकार और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला प्रशासन की ओर से इस व्यवस्था के तहत शिकायतों की निगरानी और उनके निस्तारण पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story