पानीपत: यमुना में डूब रहे बच्चों को बचाने के बाद चाचा भतीजे की डूबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: यमुना में डूब रहे बच्चों को बचाने के बाद चाचा भतीजे की डूबकर मौत


पानीपत, 05 जून (हि.स.)। पानीपत के गांव पत्थरगढ़ के पास से गुजर रही यमुना नदी में नहाने गए तीन बच्चों के डूबने से बचाने के लिए नदी में कूदे एक युवक और उसके भतीजे की मौत हो गई।

युवक ने साहस का परिचय देते हुए दो बच्चों की जान तो बचा ली, लेकिन अपने भतीजे को बचाने के प्रयास में वह खुद भी गहरे पानी में समा गया। जानकारी के अनुसार, सनौली क्षेत्र के गांव नवादा पार निवासी कुछ बच्चे शुक्रवार को पत्थरगढ़ के पास बह रही यमुना नदी में नहाने गए थे। नहाते समय 13 वर्षीय आवेश और उसके दो अन्य साथी अचानक गहरे पानी में चले गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। घबराए बच्चों ने शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास ही मौजूद आवेश के चाचा जाबिर ने बिना देर किए यमुना नदी में छलांग लगा दी। जाबिर ने बहादुरी दिखाते हुए पानी में संघर्ष कर रहे दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद वह अपने भतीजे आवेश को बचाने के लिए दोबारा गहरे पानी की ओर बढ़ा लेकिन गहराई व बहाव ज्यादा होने के कारण अपने आप को व आवेश को बचा नहीं पाया और दोनों गहरे पानी में समा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवेश तेज बहाव में काफी दूर निकल चुका था। जाबिर ने किसी तरह उसे पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान दोनों गहरे पानी के भंवर और दलदली हिस्से में फंस गए। काफी प्रयास के बावजूद दोनों बाहर नहीं निकल सके और देखते ही देखते नदी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद जाबिर और आवेश के शव यमुना नदी से बाहर निकाल पाने में सफल हुए। सूचना मिलने पर सनौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story