पानीपत: रोजगार की तलाश में आए चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत
पानीपत, 21 जून (हि.स.)। पानीपत के गांव मच्छरौली के पास जीटी रोड पर रविवार को सड़क हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से पानीपत में धान की बुआई के लिए आए छह मजदूर जैसे ही बस से उतरकर पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़े, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके अन्य साथी बाल-बाल बच गए।
मृतकों की पहचान चाचा-भतीजे के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, धान के सीजन को देखते हुए उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर से छह श्रमिकों का एक दल धान की बुआई करने के लिए पानीपत आया था। रविवार की सुबह उनकी बस मच्छरौली गांव के पास हाईवे पर रुकी। सभी श्रमिक बस से नीचे उतरे और सड़क किनारे पैदल ही आगे बढ़ने लगे।
वे कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चाचा भतीजे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी जिनकी पहचान इमरान व रियाजुद्दीन के रूप में हुई हे।
हादसे की सूचना मिलते ही समालखा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है और उनके परिजनों को यूपी में सूचना दे दी गई है। साथियों के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व गैर इरादतन जान लेने की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

