सिरसा: खेत में चारा काट रहे दो युवकों की करंट लगने से मौत
सिरसा, 04 जुलाई (हि.स.)। सिरसा जिले में बिजली का करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। युवक खेत में पशुओं के लिए मशीन से चारा काट रहे थे। दोनों को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
शनिवार को शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मृतक युवकों की पहचान जिला के रोड़ी निवासी देवेंद्र सिंह और दलजीत सिंह के रूप में हुई है। गांव रोड़ी निवासी देवेंद्र सिंह व दलजीत सिंह गांव बुर्जकर्मगढ़ में पशुओं के लिए चारा काटने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि ठेकेदार जसमीत सिंह ने चारा काटने का ठेका लिया हुआ है।
ठेकेदार के कहने पर दोनों चारा काटने के लिए साइलेज मेकर मशीन (चारा बनाने की मशीन) लेकर खेत में गए हुए थे। खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की लाइन गुजर रही है।
चारा काटने के बाद ट्रॉली में लोड किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि देवेंद्र और दलजीत जैसे ही ट्रैक्टर पर खड़े हुए तो दोनों बिजली की तारों की चपेट में आ गए और बेहोश होकर नीचे गिर गए। आसपास के लोगों ने दोनों को गंभीरावस्था में अस्पताल में पहुंचाया, जहां रात्रि को उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही खेत मालिक व ठेकेदार पर बिजली सप्लाई कटवाने को लेकर गुमराह करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि देवेंद्र व दलजीत सिंह दोनों दोस्त थे और अपने मां-बाप के इकलौते बेटे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

