सिरसा: नशे की ओवरडोज से दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 28 मई (हि.स.)। सिरसा जिले के कालांवाली में दो युवकों की नशे की ओवरडोज से मौत होने का मामला सामने आया है जिसके बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है। गांव कालांवाली निवासी मनजीत सिंह की बुधवार देर रात्रि को अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मनजीत सिंह की मौत नशे की ओवरडोज लेने के कारण हुई बताई जा रही है। मनजीत सिंह के बड़े भाई की भी कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी, अब परिवार में सिर्फ उसकी वृद्ध माता बची है जिसका बुढ़ापे का कोई सहारा नहीं बचा।

वहीं गांव कॉलांवाली निवासी सोनी सिंह की गुरुवार को मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार उसकी पारिवारिक स्थिति काफी कमजोर थी और उसकी पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सोनी सिंह नशे का सेवन करता था। गांव में इस मौत को लेकर भी नशे की ओवरडोज की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी मामले में आधिकारिक रूप से ओवरडोज की पुष्टि नहीं की गई है और न ही इसको लेकर किसी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। इस सबंध में थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सोनी सिंह करीब दो माह से बीमार चल रहा है। वहीं मनजीत सिंह के मामले में अभी तक पुलिस के पास कोई शिकायत या सूचना नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए हैं यदि कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story