नूंह में 5664 बोतल अवैध शराब बरामद
नूंह, 11 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र में फिरोजपुर झिरका के सीएस स्टाफ ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5664 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से भरे कैंटर को केएमपी एक्सप्रेसवे पर गांव खेड़ा खलीलपुर के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ा। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ा खलीलपुर के पास से केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते अवैध शराब से भरा एक कैंटर गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा कैंटर को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कैंटर में कार्टन के कट्टों के पीछे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 472 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में कुल 5664 बोतल शराब मिली। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब की पेटियों को इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में कैंटर में केवल कार्टन का सामान भरा हुआ दिखाई दे।
पुलिस ने कैंटर सवार नवीन निवासी खरावड़, जिला रोहतक, हाल तथा राकेश राठौर निवासी ईदगाह कॉलोनी, पानीपत को गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाकर शराब की जांच कराई गई। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट अथवा बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की खेप पंजाब से लोड की गई थी और इसे पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।
इस संबंध में रोजका मेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

