हिसार में महिला शोधार्थी से दुव्र्यवहार, एचएयू के दो वैज्ञानिक निलंबित
परिजनों ने वीसी से मिलकर की शिकायत, वीसी ने किया दोनों को सस्पेंडहिसार, 05 फरवरी (हि.स.)। पीएचडी की महिला शाेधार्थी से अभद्र व्यवहार के आरोप में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो वैज्ञानिकों को निलंबित कर दिया है। शोधार्थी के परिजनों ने इस संबंध में कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज से मिलकर शिकायत की थी, जिस पर उन्होंने तत्काल दोनों को सस्पेंड कर दिया। मामला सुर्खियां न बने, इसलिए एचएयू के अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। गुरुवार को देर सायं विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों वैज्ञानिकों के निलंबन की पुष्टि की।हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अपने ही दो वैज्ञानिकों को निलंबित किए जाने का मामला विश्वविद्यालय के सोशल मीडिया ग्रुपों में गुरुवार दोपहर से चल रहा है लेकिन अधिकारियों की मानें तो उन्हें शाम तक इसका पता नहीं चला। विश्वविद्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बेसिक साइंस विभाग के दो वैज्ञानिकों डॉ. अजीत सांगवान व नवीन कौशिक को एक महिला शोधार्थी की शिकायत पर सस्पेंड किया गया है। दोनों पर शोधार्थी को पीएचडी करवाने के नाम पर गलत कमेंट करने तक का आरोप है। कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज के सामने जब यह मामला आया तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई कर दी ताकि महिला से जुड़ा मामला होने के कारण किसी तरह का विवाद न हो।सूत्रों ने बताया कि शोधार्थी ने कुछ समय पहले इन दोनों शिक्षकों की शिकायत तत्कालीन डीन को दी थी लेकिन उन्होंने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और इसे दबाए रखा। उक्त डीन पर दोनों आरोपी वैज्ञानिकों को बचाने का भी आरोप है और इसी के चलते उन्होंने दोनों शिक्षकोें पर कार्रवाई करने की कोशिश नहीं की। बताया जा रहा है कि काफी समय बाद भी जब डीन पीजीएस ने वैज्ञानिकों पर कार्रवाई नहीं की तो उसने परेशान होकर अपने परिजनों को यह बात बताई। इस पर शोधार्थी के परिजन कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज से मिले और पूरी घटना से अवगत करवाया।
कुलपति ने परिजनों को शिकायत लिखकर देने को कहा तो परिजन बोले कि छात्रा ने शिकायत दे रखी है और उसे दबा दिया गया है। इस पर कुलपति ने कहा कि वे नए सिरे से शिकायत दें और पुरानी शिकायत साथ लगा दें, कार्रवाई करेंगे। परिजनों द्वारा फिर से शिकायत लिखकर दिए जाने व पुरानी शिकायत साथ लगाए जाने के बाद कुलपति ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शिक्षकों अजीत सिंह सांगवान व नवीन कौशिक को सस्पेंड कर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत प्राप्त होते ही निष्पक्ष जांच के लिए, दोनों वैज्ञानिकों को निलंबित कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

