पलवल: दो सड़क हादसों में एक की मौत, छह घायल

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 01 जून (हि.स.) । राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मुंडकटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

पहले हादसे में दिल्ली के गांधी नगर निवासी शेर सिंह ने मुंडकटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दामाद दीपक राम कामी और भाई इंद्र सिंह छोटा हाथी (पिकअप) वाहन में सामान लेकर उत्तर प्रदेश के कोसीकलां गए थे। सामान उतारने के बाद दोनों दिल्ली लौट रहे थे।

शिकायत के अनुसार, नेशनल हाईवे-19 पर मुंडकटी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक ट्रक बिना किसी इंडिकेशन या चेतावनी संकेत के खड़ा था। इसी दौरान उनकी पिकअप पीछे से ट्रक में जा टकराई। हादसे में दीपक राम कामी और इंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक राम कामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि इंद्र सिंह का उपचार जारी है।

दूसरे हादसे में रूपनगर नाटोली गांव निवासी वशीम अकरम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर बल्लभगढ़ से होडल जा रहे थे। जब उनका ऑटो सराय खटला गांव स्थित नगला मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक टाटा पंच कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो कई बार सड़क पर घूम गया। हादसे में वशीम अकरम समेत परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार चालक ने घायलों को धमकाया भी।

सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों इकराम, इमरान, हुरा, बुध सिंह तथा रोशन को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गंभीर हालत के चलते नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इकराम की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनका राजस्थान के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। मुंडकटी थाना पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story