हिसार : डीएचबीवीएन हिसार बैडमिंटन नर्सरी के दो खिलाड़ियों का नेशनल के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : डीएचबीवीएन हिसार बैडमिंटन नर्सरी के दो खिलाड़ियों का नेशनल के लिए चयन


हिसार, 15 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली

वितरण निगम की ओर से संचालित हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप (एचपीएसजी) बैडमिंटन नर्सरी,

विद्युत नगर के उभरते खिलाड़ी शौर्य प्रताप सिंह और युग दहिया का चयन स्कूल गेम्स फैडरेशन

ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) नेशनल बैडमिंटन गेम्स के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 16 से

22 अप्रैल तक दिल्ली के त्याग राज स्टेडियम में होगी, जिसमें देशभर के 17 साल से कम

आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे। इससे पहले यहीं पर आयोजित हुई 19 साल से

कम आयु वर्ग की नैशनल प्रतियोगिता में इस नर्सरी के प्रतीक राखी, दित्या, अराध्या व

प्रीति ने भी शानदार प्रदर्शन किया था। इन खिलाड़ियों ने सीबीएसई नेशनल गेम्स में भी

गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया।

इससे पहले भी दोनों खिलाड़ियों ने एसजीएफआई स्टेट

लेवल बैडमिंटन गेम्स में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जिसके

चलते उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों के अनुसार विद्युत

नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में खिलाड़ियों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा

रही हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन हॉल, जिम, रनिंग ग्राउंड सहित अन्य

आधुनिक संसाधन शामिल हैं तथा इन सुविधाओं की बदौलत ही यहां के खिलाड़ी राज्य स्तरीय,

राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल जीतकर विभाग व हरियाणा का नाम रोशन

कर रहे हैं। नर्सरी की खिलाड़ी याशीका, योगेश व विजेंद्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर

शानदार प्रदर्शन किया है। विजेंद्र ने हाल ही में पैरा यूथ एशियन गेम्स में दो सिल्वर

मेडल जीतकर देश का नाम रौशन किया है।

नर्सरी के कोच व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरेंद्र

कुमार व वीरेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि शौर्य प्रताप सिंह और युग दहिया दोनों ही मेहनती

और अनुशासित खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपनी लगन और अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल

की है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों खिलाड़ी भी अन्य खिलाड़ियों की तरह राष्ट्रीय

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story