हिसार : गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेंगे गुरु जम्भेश्वर विवि के दो एनएसएस स्वयंसेवक
कुलपति से मिली स्वयंसेविका मानसी, अधिकारियों ने दी बधाई
हिसार, 04 जनवरी (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की स्वयंसेविका मानसी व संबद्ध
राजकीय महाविद्यालय, हिसार के स्वयंसेवक ईश्वर का गणतंत्र दिवस परेड (आरडी) के लिए
चयन हुआ है। यह चयन राज्य एवं जोनल स्तर पर आयोजित कठोर चयन प्रक्रियाओं के उपरांत
उनके अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता तथा सेवाभाव के उत्कृष्ट प्रदर्शन के
आधार पर किया गया है। विश्वविद्यालय परिसर की मानसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.
नरसी राम बिश्नोई से मिली।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने रविवार काे चयनित स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं
दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता प्रत्येक एनएसएस स्वयंसेवक के
लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है। एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को राष्ट्रसेवा,
सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व के मूल्यों से संस्कारित करता है। एनएसएस स्वयंसेवक
मानसी का चयन विश्वविद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक एवं सह पाठ्यचर्या परंपरा का प्रमाण
है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त
करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए स्वयंसेवकों का चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन
और समर्पण का परिणाम है। इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाती
है तथा विश्वविद्यालय की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करती है। इस अवसर
पर कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रशासनिक प्रो. विनोद छोकर, तकनीकी सलाहकार एचआरएम प्रो.
संदीप सिंह राणा, एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. महावीर प्रसाद, कार्यक्रम अधिकारी
डॉ. सुनीता, डॉ. विकास तथा डॉ. रामस्वरूप ने भी चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

