सिरसा: गुरबचन सिंह हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 12 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिले के डबवाली शहर में जीप कारोबारी के कारीगर गुरबचन सिंह हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान प्रिंस व मंगल सिंह के रूप में हुई है। डीएसपी योगेश कटारिया ने बुधवार को इसका खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी डबवाली व कालांवाली थाना में केस दर्ज हैं।
डीएसपी ने बताया कि मृतक के पुत्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए मामले में नामजद दो आरोपियों प्रिंस व मंगल सिंह को काबू कर लिया है।
डीएसपी ने बताया कि गुरबचन सिंह दुकान मालिक के साथ काम के बाद बीती 10 अगस्त को अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जिस पर मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर गुरबचन सिंह पर हथियारों से हमला करके घायल कर दिया। इलाज के दौरान गुरबचन सिंह की मौत हो गई। मृतक के पुत्र की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी प्रिंस के खिलाफ थाना कालांवाली व डबवाली में मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मंगल सिंह के खिलाफ डबवाली में दो मामले दर्ज हैं। आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा अन्य आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

