सिरसा: दो तस्करों को लाखों की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: दो तस्करों को लाखों की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया


सिरसा, 13 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई हेरोइन की बाजारी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। डीएसपी ललित कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान गुरप्यार सिंह व लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरप्यार सिंह व लवप्रीत सिंह मोटरसाइकिल पर नशे की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल डबवाली से सिरसा रोड पर नाकाबंदी कर पंजाब से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक को रूकवा लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से 258 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों एवं नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि डबवाली पुलिस ने बीते तीन माह के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर 125 अभियोग दर्ज करते हुए 225 आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर नशा तस्करी नेटवर्क पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है ।

सिर्फ मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित न रहते हुए पुलिस टीमों ने नशे की सप्लाई चेन को ध्वस्त करते हुए 111 सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता को भी समान प्राथमिकता दे रही है। जिलेभर में गांवों, स्कूलों, कॉलेजों, खेल मैदानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डीएसपी ललित कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story