राजस्थान के दो नशा तस्कर सिरसा में गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के दो नशा तस्कर सिरसा में गिरफ्तार


सिरसा, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला के ऐलनाबाद क्षेत्र से दो तस्करों को अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई अफीम की कीमत डेढ़ लाख रुपये आकी गई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान राजस्थान के बीकानेर जिला निवासी श्याम सुंदर व सही राम के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव कर्मशाना से होते हुए गांव मिठनपुरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव मिठनपुरा की तरफ एक कार जा रही थी। कार सवार युवकों ने पीछे पुलिस की गाड़ी को देख कार को भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार का पीछा कर दो युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर कार से आधा किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

नशीली प्रतिबंधित गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने एक युवक को हजारों नशीली गोलियों सहित सिरसा शहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल निवासी सिरसा के रूप में हुई है। बस अड्डा चौकी प्रभारी ने बताया कि एक युवक बस अड्डा की तरफ आ रहा था जो कि पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया। तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से नौ हजार नशीली प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीली गोलियोंं को ओढ़ा क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और गोलियां कहां से लाई गई थीं। उन्होंने बताया कि बरामद की गई गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story